Nirbhik Nazar

जनगणना 2027 की शुरुआत, सीएम धामी ने खुद स्व-गणना कर दिया डिजिटल अभियान को बढ़ावा

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनगणना 2027 के तहत मुख्यमंत्री आवास में अपनी स्व-गणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया पूरी कर राज्य में इस महत्वपूर्ण अभियान की औपचारिक शुरुआत की। इस दौरान जनगणना से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे और उन्होंने डिजिटल प्रक्रिया की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश पहली बार पूरी तरह डिजिटल जनगणना की दिशा में आगे बढ़ रहा है। यह पहल पारदर्शिता, सटीकता और जनभागीदारी को सुनिश्चित करेगी और भारत को डिजिटल युग में मजबूत बनाएगी।

जनगणना 2027 का पहला चरण ‘हाउस लिस्टिंग और हाउसिंग जनगणना’ है, जिसके तहत घरों की स्थिति, सुविधाओं और परिवार से जुड़ी अहम जानकारी एकत्र की जा रही है। इस बार नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा दी गई है, जिससे वे ऑनलाइन पोर्टल के जरिए स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।

सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि यह डेटा भविष्य की योजनाओं और नीतियों के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा, इसलिए इसकी शुद्धता बेहद जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे स्व-गणना पोर्टल का उपयोग कर इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि एकत्रित आंकड़ों की सुरक्षा के लिए कड़े प्रावधान किए गए हैं और इनका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए ही किया जाएगा। इस अवसर पर गीता धामी, निदेशक (जनगणना संचालन) ईवा श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News