Skip to main content

Nirbhik Nazar

देहरादून: 14 अप्रैल को पीएम मोदी का दौरा, PM करेंगे एक्सप्रेसवे का उद्घाटन, 2300 बसों से पहुंचेगी भीड़

देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को उत्तराखंड दौरे पर आ रहे हैं। उनके प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर राज्य में तैयारियां तेज हो गई हैं। सुरक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन विभागों ने व्यापक स्तर पर रणनीति तैयार कर ली है, ताकि कार्यक्रम को सफल और सुरक्षित बनाया जा सके।

प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश सीमा पर स्थित मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे, जिसके बाद वह दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। करीब 11,970 करोड़ रुपये की लागत से बने इस 210 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे से देहरादून से दिल्ली का सफर महज ढाई घंटे में पूरा हो सकेगा।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री कई बड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे, जिनमें टिहरी पंप स्टोरेज प्लांट, पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार और बनबसा लैंड पोर्ट शामिल हैं। इसके बाद वह गढ़ी कैंट स्थित महिंद्रा ग्राउंड में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।

जनसभा के लिए 2300 बसों का इंतजाम
प्रधानमंत्री की जनसभा में भारी भीड़ जुटाने के लिए परिवहन विभाग ने 2300 बसों और मैक्सी वाहनों की व्यवस्था की है। देहरादून और हरिद्वार से बड़ी संख्या में लाभार्थियों, आमजन और छात्र-छात्राओं को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया जाएगा। अन्य जिलों से भी लोगों के आने की संभावना को देखते हुए वहां भी बसों की व्यवस्था की जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग ने किया खास इंतजाम
पीएम के दौरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी व्यापक तैयारियां की हैं।

  • 11 डॉक्टरों की टीमें और 3 एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस तैनात रहेंगी
  • रूट और कार्यक्रम स्थल के पास 2 अस्पतालों को ‘कॉन्फिडेंस हॉस्पिटल’ बनाया गया है
  • रोड शो के दौरान 4 स्थानों पर मेडिकल टीमें तैनात रहेंगी
  • जौलीग्रांट एयरपोर्ट और जीटीसी हेलीपैड पर भी डॉक्टर और एंबुलेंस मौजूद रहेंगी
  • महिंद्रा ग्राउंड में 4 मेडिकल टीमें तैनात रहेंगी

रोड शो और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
प्रधानमंत्री का रोड शो भी प्रस्तावित है, जिसके लिए रूट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और प्रशासन ने पहले ही ट्रैफिक और सुरक्षा का पूरा रोडमैप तैयार कर लिया है। भारी भीड़ को देखते हुए सभी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा गया है, जिसमें दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल भी शामिल है।

सीएम धामी ने बताया बड़ी सौगात
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से विशेष लगाव है और इस दौरे में राज्य को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के शुरू होने से पर्यटन, कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।

प्रधानमंत्री का यह दौरा आगामी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बेहद अहम माना जा रहा है और इसे राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News