Nirbhik Nazar

CM धामी ने की भीमताल में उप-तहसील बनाने की घोषणा, बिड़ला इंस्टीट्यूट में ड्रोन लैब और कम्प्यूटर विभाग के लिये की 50-50 लाख देने की घोषणा

नैनीताल/भीमताल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भीमताल स्थित बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड साइंसेज में आयोजित तीन दिवसीय तकनीकी एवं सांस्कृतिक वार्षिकोत्सव ‘स्पेक्ट्रम 2026’ का शुभारंभ करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने भीमताल में उप-तहसील बनाए जाने की घोषणा की। इसके साथ ही ओखलकाण्डा के भीड़ापानी में आयुर्वेदिक चिकित्सालय स्थापित किया जाएगा और विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में एक्स-रे व अल्ट्रासाउंड मशीनें लगाई जाएंगी।

कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए रामगढ़, धारी और ओखलकाण्डा में किसानों के लिए मंडियों का निर्माण किया जाएगा, जबकि लेटीबुंगा और सतबुंगा में कोल्ड स्टोरेज बनाए जाएंगे। खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए ककोड़ और दाड़िम में मिनी स्टेडियम निर्माण की भी घोषणा की गई।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने संस्थान के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया और छात्रों के नवाचारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह संस्थान युवाओं को आधुनिक शिक्षा और अनुसंधान के नए अवसर प्रदान कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने बिड़ला इंस्टीट्यूट में ड्रोन लैब की स्थापना, कंप्यूटर विभाग के उन्नयन और ऑडिटोरियम के लिए फर्नीचर हेतु 50-50 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्य शक्ति बताते हुए कहा कि सरकार शिक्षा, नवाचार और कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और बिग डेटा जैसे आधुनिक विषयों को बढ़ावा दिया जा रहा है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की मौजूदगी रही।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News