Nirbhik Nazar

92 साल की उम्र में दिग्गज गायिका आशा भोसले का निधन, सोमवार को होगा अंतिम संस्कार

मुंबई:  भारतीय संगीत जगत की दिग्गज गायिका आशा भोसले का रविवार को 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थीं और मुंबई के कैंडी ब्रीच अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था।

उनके पुत्र आनंद भोसले ने निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि सोमवार सुबह 11 बजे लोअर परेल स्थित उनके निवास पर पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। वहीं शाम 4 बजे शिवाजी पार्क में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

आशा भोसले भारतीय संगीत की महानतम गायिकाओं में शुमार थीं। उन्होंने अपने लंबे करियर में 12 हजार से अधिक गीत विभिन्न भाषाओं में गाए और कई पीढ़ियों की अभिनेत्रियों को अपनी आवाज दी। वे लता मंगेशकर की छोटी बहन थीं और दोनों ने मिलकर संगीत जगत में अमिट छाप छोड़ी।

उनके लोकप्रिय गीतों में “चुरा लिया है तुमने”, “अभी ना जाओ छोड़कर” और “इंतहा हो गई इंतजार की” जैसे सदाबहार गाने शामिल हैं। उन्हें पद्म विभूषण, दादासाहेब फाल्के पुरस्कार, राष्ट्रीय पुरस्कार और कई फिल्मफेयर अवॉर्ड्स से सम्मानित किया जा चुका था।

राज्य के सांस्कृतिक मंत्री आशीष शेलार ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह एक युग का अंत है और आशा भोसले की विरासत सदैव जीवित रहेगी।

डॉक्टरों के अनुसार, मल्टी-ऑर्गन फेलियर के कारण उनका निधन हुआ। उनके निधन से भारतीय संगीत जगत को अपूरणीय क्षति पहुंची है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News