Nirbhik Nazar

CM धामी ने की 4 विधानसभाओं की घोषणाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिये लंबित घोषणाओं के शासनादेश जारी करने के निर्देश

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में डीडीहाट, गंगोलीहाट, कपकोट और बागेश्वर विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन घोषणाओं पर अब तक शासनादेश जारी नहीं हुए हैं, उन्हें अधिकतम 20 दिनों के भीतर जारी किया जाए, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में देरी न हो।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राज्य सरकार के मूल मंत्र “सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि” के आधार पर कार्य करने को कहा। उन्होंने जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाने और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित क्षेत्रों के विधायकों के साथ समन्वय बनाकर विकास कार्यों को गति देने पर जोर दिया।

बैठक में मुख्यमंत्री ने वन भूमि हस्तांतरण से जुड़े मामलों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रक्रियाओं में तेजी लाई जाए, ताकि विकास कार्य बाधित न हों। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बनी सड़कों के रखरखाव के लिए समन्वय समिति बनाने और नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए।

बरसात से पहले सभी सड़कों का पैचवर्क पूरा करने, खेल मैदानों के लिए स्वीकृत भूमि पर 15 दिन के भीतर धनराशि जारी करने और खेल अवसंरचना को मजबूत करने पर भी मुख्यमंत्री ने जोर दिया।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कनालीछीना से पिपली बगड़ीगांव तक सड़क चौड़ीकरण कार्य में तेजी लाने, कपकोट में विद्यालय व्यवस्था सुदृढ़ करने और बागेश्वर जिला अस्पताल में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जनहित के कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता हैं और सभी योजनाओं का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News