Nirbhik Nazar

राष्ट्रपति वीरता पुरस्कार से सम्मानित हुए खटीमा के मुशाहिद अली, मारे थे 3 नक्सली

खटीमा: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जनपद के खटीमा निवासी सीआरपीएफ जवान मुशाहिद अली को उनकी बहादुरी और अदम्य साहस के लिए राष्ट्रपति वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि से पूरे प्रदेश में गर्व और खुशी का माहौल है।

मुशाहिद अली वर्ष 2014 में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में भर्ती हुए थे और वर्तमान में नक्सल प्रभावित क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने देश के कई संवेदनशील इलाकों में तैनात रहते हुए अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है।

जानकारी के अनुसार, जुलाई 2019 में बिहार-औरंगाबाद बॉर्डर के चकरबंदा क्षेत्र में चलाए गए ‘सर्च एंड डिस्ट्रॉय ऑपरेशन (शैडो)’ के दौरान, जब वे कोबरा कमांडो में तैनात थे, तब 25 जुलाई को हुई मुठभेड़ में उन्होंने तीन नक्सलियों को मार गिराया था। उनकी इस वीरता को देखते हुए उनका नाम राष्ट्रपति वीरता पुरस्कार के लिए प्रस्तावित किया गया था।

इस सम्मान की घोषणा 26 जनवरी 2025 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर की गई थी। इसके बाद 9 अप्रैल 2026 को दिल्ली में आयोजित ‘शौर्य दिवस’ कार्यक्रम में सीआरपीएफ के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह द्वारा उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। इस समारोह में कुल सात जवानों को वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

मुशाहिद अली की इस उपलब्धि से उनके परिवार, क्षेत्रवासियों और पूरे प्रदेश में गर्व का माहौल है। उनकी बहादुरी और समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News