Nirbhik Nazar

पीएम मोदी का 29 मिनट का भाषण, लोकल कनेक्ट पर जोर, नंदा देवी और कुंभ का किया जिक्र

देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड दौरा इस बार खासा चर्चाओं में रहा। मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने 12 किलोमीटर लंबा रोड शो किया और जसवंत सिंह आर्मी ग्राउंड पहुंचे, जहां जनसभा को संबोधित किया।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री का स्वागत ब्रह्मकमल और नंदा देवी राजजात की स्मृति चिन्ह भेंट कर किया। इसके बाद दोनों नेताओं ने भी सभा को संबोधित किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन दोपहर 2 बजकर 13 मिनट पर शुरू हुआ और 2 बजकर 42 मिनट तक चला। करीब 29 मिनट के इस भाषण में उन्होंने पूरे उत्तराखंड का जिक्र किया। अपने संबोधन की शुरुआत में ही उन्होंने देर से पहुंचने के लिए जनता से माफी भी मांगी।

प्रधानमंत्री ने अपने खास अंदाज में लोकल कनेक्ट पर जोर दिया। सिर पर ब्रह्मकमल टोपी पहनकर और भाषण में गढ़वाली-कुमाऊंनी के शब्दों का प्रयोग करते हुए उन्होंने लोगों से जुड़ने की कोशिश की। उन्होंने भुला-भुलियों, सयाणा, आमा, बाबा जैसे शब्दों का उल्लेख किया, जिससे जनसभा में अलग ही उत्साह देखने को मिला।

अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने मां डाट काली के आशीर्वाद का जिक्र करते हुए कहा कि देहरादून पर मां की विशेष कृपा है। साथ ही संतला माता मंदिर का स्मरण किया और हरिद्वार कुंभ, नंदा राजजात, पंच बदरी, पंच केदार और पंच प्रयाग का उल्लेख कर धार्मिक और सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूत किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जैसे लोग हस्तरेखा देखकर भविष्य जानने की कोशिश करते हैं, उसी तरह सड़क, रेल, हवाई और जल कनेक्टिविटी देश की भाग्य रेखाएं बन रही हैं, जो भारत के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त कर रही हैं।

इस मौके पर केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे उत्तराखंड के लिए एक ऐतिहासिक सौगात है। उन्होंने बताया कि राज्य में सवा दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं संचालित हो रही हैं, जिससे आने वाले समय में कनेक्टिविटी और भी मजबूत होगी।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, सौरभ बहुगुणा, भरत सिंह चौधरी, राम सिंह कैड़ा और प्रदीप बत्रा सहित कई नेताओं ने कहा कि इस परियोजना से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने कहा कि अब देहरादून से दिल्ली का सफर महज ढाई घंटे में पूरा हो सकेगा, जिससे प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News