Skip to main content

Nirbhik Nazar

बैसाखी पर सीएम धामी से सिख प्रतिनिधिमंडल की भेंट, विकास योजनाओं और रोपवे प्रोजेक्ट पर हुई चर्चा

देहरादून: बैसाखी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सिख समुदाय के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री आवास में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को सरोपा भेंट कर सम्मानित किया और पर्व की शुभकामनाएं दीं।

बैठक में हेमकुंड साहिब ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा सिख समाज के हित में लिए गए फैसलों की सराहना की। खासतौर पर हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी को बैसाखी की बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व सामाजिक एकता, समृद्धि और सेवा भाव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सिख समाज ने हमेशा राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाई है।

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड में कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर को उन्होंने राज्य के विकास का नया द्वार बताया, जिससे पर्यटन, व्यापार और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना को आस्था और आधुनिकता का संगम बताते हुए कहा कि इससे यात्रा सुरक्षित, सुगम और समयबद्ध होगी। साथ ही स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सिख श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और यात्रा मार्गों पर लगातार सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

अंत में मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित करेगा और देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान मजबूत करेगा।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News