Nirbhik Nazar

सीएम हेल्पलाइन 1905 पर लंबित शिकायतों के निस्तारण को लेकर सख्त निर्देश, फोर्स क्लोज पर लगेगी लगाम

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीएम हेल्पलाइन 1905 पर 30 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि बिना सक्षम स्तर की अनुमति के किसी भी शिकायत को फोर्स क्लोज नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि बिना पर्याप्त कार्रवाई के शिकायत को फोर्स क्लोज किया जाता है, तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन केवल एक फोन नंबर नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और अपेक्षाओं का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए हर शिकायत का समाधान संतुष्टि के साथ होना चाहिए।

उन्होंने सभी जिलाधिकारियों, विभागाध्यक्षों और सचिवों को निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा कर उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही निर्देश दिए गए कि जिलाधिकारी स्तर पर साप्ताहिक और विभागीय स्तर पर माह में कम से कम दो बार समीक्षा बैठक अनिवार्य रूप से की जाए।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि शिकायतों के बेहतर निस्तारण के लिए एआई आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम का उपयोग किया जा रहा है, जिससे शिकायतों का पूर्वानुमान और हॉटस्पॉट की पहचान करने में मदद मिल रही है। ग्रीष्मकाल में पेयजल, ऊर्जा, शहरी विकास और गृह विभाग से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आई हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिक शिकायतों का समाधान करने वाले अधिकारियों से वार्ता कर उनकी सराहना भी की। साथ ही उन्होंने कुछ शिकायतकर्ताओं से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ताओं से नियमित संवाद स्थापित कर उनका फीडबैक लिया जाए और उच्च स्तर पर निगरानी व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाए, ताकि आम जनता को बेहतर और प्रभावी सेवाएं मिल सकें।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News