Nirbhik Nazar

चारधाम यात्रा के लिए हरिद्वार में ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू, श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत

हरिद्वार: चारधाम यात्रा से पहले धर्मनगरी हरिद्वार में तैयारियां तेज हो गई हैं। ऋषिकुल मैदान स्थित रजिस्ट्रेशन सेंटर पर ऑफलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होते ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह 7 बजे से ही दूर-दराज से आए तीर्थयात्री रजिस्ट्रेशन कराने पहुंचने लगे।

रजिस्ट्रेशन की शुरुआत के मौके पर जिला प्रशासन ने यात्रियों का पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर स्वयं मौके पर पहुंचे और पहले रजिस्ट्रेशन कराने वाले श्रद्धालुओं को फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया। साथ ही यात्रियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया।

ऋषिकुल मैदान में बनाए गए इस रजिस्ट्रेशन सेंटर में कुल 20 काउंटर स्थापित किए गए हैं, जहां यात्रियों की सुविधा के लिए मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। प्रशासन का कहना है कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी को देखते हुए सभी इंतजाम चाक-चौबंद रखे गए हैं।

चारधाम यात्रा के तहत 19 अप्रैल से गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने जा रहे हैं। इससे पहले ही श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और बड़ी संख्या में लोग पंजीकरण कर अपनी यात्रा की शुरुआत कर रहे हैं।

पहला पंजीकरण मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से आए सात सदस्यीय दल ने कराया। यात्रियों ने प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सरल और सुविधाजनक है।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए हर स्तर पर तैयारी की गई है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को तेज और सुचारू रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News