Nirbhik Nazar

चारधाम यात्रा 2026 के लिए पुलिस का मास्टर प्लान तैयार, ड्रोन से निगरानी और 24 घंटे होगी मॉनिटरिंग

देहरादून: 19 अप्रैल से शुरू हो रही चारधाम यात्रा 2026 को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए उत्तराखंड पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार यात्रा को पहले के मुकाबले अधिक डिजिटल, सुरक्षित और सुविधायुक्त बनाने के लिए विशेष मास्टर प्लान तैयार किया गया है।

आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने जानकारी देते हुए बताया कि संपूर्ण यात्रा मार्ग को 16 सुपर जोन, 43 जोन और 149 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके। सुरक्षा के लिए जनपद पुलिस के साथ-साथ पीएसी, होमगार्ड और पीआरडी के जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा एसडीआरएफ, एटीएस, बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) और जल पुलिस की टीमों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।

यात्रा की 24 घंटे निगरानी के लिए देहरादून स्थित सरदार पटेल भवन में अत्याधुनिक “चारधाम कंट्रोल रूम” स्थापित किया गया है, जहां से पूरे यात्रा मार्ग पर नजर रखी जाएगी। चारों धामों और प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जबकि भीड़ नियंत्रण और निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का भी उपयोग किया जाएगा।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्थानों पर पार्किंग और हॉल्टिंग पॉइंट बनाए गए हैं, जहां ठहरने की समुचित व्यवस्था की गई है। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए बॉटल नेक, ब्लैक स्पॉट और लैंडस्लाइड जोन को चिन्हित कर वहां विशेष इंतजाम किए गए हैं।

यात्रियों के पंजीकरण के लिए हरिद्वार, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी में ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। साथ ही सोशल मीडिया सेल के माध्यम से मौसम, आपदा और मार्ग की स्थिति से जुड़े रियल-टाइम अपडेट भी श्रद्धालुओं तक पहुंचाए जाएंगे।

आईजी गढ़वाल ने यात्रियों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही हेली सेवा की बुकिंग और पंजीकरण कराएं, ताकि किसी प्रकार की धोखाधड़ी से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पुलिस देश-विदेश से आने वाले हर श्रद्धालु की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News