Nirbhik Nazar

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का भाजपा पर हमला, कहा – इतिहास को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रहे सत्ता में बैठे लोग !

देहरादून: देहरादून स्थित कांग्रेस भवन में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ की बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

बैठक को संबोधित करते हुए गोदियाल ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, बलिदान और संघर्ष को याद किया। उन्होंने कहा कि आज देश जिन वीरों की कुर्बानियों के कारण आज़ाद है, उसी देश में उनकी विचारधारा और मूल्यों को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि हम जो खुली हवा में सांस ले रहे हैं, वह स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का परिणाम है, लेकिन वर्तमान समय में शहीदों के सपनों के भारत को कमजोर किया जा रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सत्ता में बैठे लोग इतिहास को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रहे हैं, जिससे देश की मूल भावना को आघात पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों पर चलती आई है और आगे भी उसी राह पर चलती रहेगी।

गोदियाल ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे शहीदों के बताए मार्ग पर चलते हुए अन्याय, अत्याचार और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज उठाएं और प्रदेश व देश को सही दिशा देने के लिए संघर्ष तेज करें।

बैठक में संगठन को मजबूत करने, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवारों के सम्मान की रक्षा करने और उनके अधिकारों के लिए निर्णायक लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया गया। इस मौके पर प्रकोष्ठ के महामंत्री अवधेश पंत ने प्रदेश अध्यक्ष से आग्रह किया कि वर्ष 2027 के चुनाव घोषणा पत्र में स्वतंत्रता सेनानी परिवारों को प्राथमिकता देते हुए उनकी मांगों को शामिल किया जाए।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News