Nirbhik Nazar

सीएम धामी ने 59.72 करोड़ की विभिन्न विकास योजनाओं को दी मंजूरी, बुनियादी ढांचे को मिलेगा मजबूती

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में विभिन्न विकास योजनाओं के लिए 59.72 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन योजनाओं से पेयजल, बाढ़ सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

पेयजल और आधारभूत ढांचे पर जोर
चंपावत जिले की तामली ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजना के लिए 14.57 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं ऊखीमठ नगर पंचायत पेयजल योजना के लिए 25.78 करोड़ रुपये का अनुमोदन दिया गया है। इसके अलावा हल्द्वानी-काठगोदाम पेयजल योजना को भी इस बजट से लाभ मिलेगा।

बाढ़ सुरक्षा कार्यों को बढ़ावा
देहरादून के हरभजवाला क्षेत्र में आसन नदी के दोनों ओर पुश्ता निर्माण के लिए 2.43 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी की गई है।
धर्मपुर क्षेत्र में सुसवा नदी तथा उत्तरकाशी के झाला गांव में भागीरथी नदी के किनारे बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए क्रमशः 1.29 करोड़ और 3.03 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

पुल और सड़कों के लिए भी स्वीकृति
जोशीमठ-नीति मार्ग पर क्षतिग्रस्त पैदल पुल के पुनर्निर्माण के लिए 1.74 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
इसके अलावा पिथौरागढ़, हरिद्वार और नैनीताल जिलों में स्लोप प्रोटेक्शन, हर्षिल-मुखवा मार्ग के सुरक्षात्मक कार्यों तथा डोईवाला और रायपुर क्षेत्रों में बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई है।

शिक्षा और अन्य विकास कार्य
चमोली के भराड़ीसैंण स्थित पीएमश्री आदर्श इंटर कॉलेज में पांच नए कक्षों के निर्माण को भी मंजूरी दी गई है, जिससे शिक्षा सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।

सूचना विभाग को भी मिली स्वीकृति
मुख्यमंत्री ने सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के लिए 299.18 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी है। साथ ही अनुसूचित जाति कल्याण के लिए 1 करोड़ और जनजाति उपयोजना के लिए 50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इसके अलावा विभाग में सहायक निदेशक अर्चना और बद्री चंद को उपनिदेशक पद पर पदोन्नति देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की गई है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News