Nirbhik Nazar

उत्तराखंड: 39वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारी तेज, मेडल बढ़ाने पर फोकस, खिलाड़ियों को मिलेगा बेहतर प्रशिक्षण

देहरादून: उत्तराखंड में साल 2027 में प्रस्तावित राष्ट्रीय खेल के 39वें संस्करण को लेकर खेल विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। लक्ष्य है कि 38वें राष्ट्रीय खेलों में मिले पदकों से बेहतर प्रदर्शन करते हुए इस बार अधिक मेडल हासिल किए जाएं।

इस संबंध में खेल मंत्री रेखा आर्य ने सचिवालय में समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राष्ट्रीय खेलों की तैयारी के लिए विस्तृत कार्ययोजना तुरंत तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को जल्द से जल्द प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से तैयार किया जाए।

मंत्री ने अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर पूरी रणनीति प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही खेल संघों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर खिलाड़ियों को गहन प्रशिक्षण देने पर जोर दिया गया है।

उत्तराखंड में होंगी ज्यादा प्रतियोगिताएं
राष्ट्रीय खेलों से पहले विभिन्न खेलों की अधिक से अधिक नेशनल चैंपियनशिप उत्तराखंड में आयोजित कराने की योजना बनाई जा रही है, ताकि खिलाड़ियों को घरेलू माहौल में प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिल सके।

स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी ध्यान
बैठक में यह भी कहा गया कि यदि नॉर्थ ईस्ट राज्यों में साइकिलिंग या शूटिंग जैसे खेलों के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी होती है, तो उत्तराखंड में उनकी व्यवस्था उपलब्ध कराने पर विचार किया जाएगा।

स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की तैयारी
गौलापार में बन रही स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने बताया कि जुलाई से शैक्षणिक सत्र शुरू करने के लिए करिकुलम और परिनियमावली कमेटियों का गठन किया जा चुका है और पद सृजन की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है।

खिलाड़ियों को नौकरी और योजनाओं में सुधार
खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी देने के लिए खेल विभाग में अधिक पद सृजित करने पर जोर दिया गया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना, खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना और संविदा प्रशिक्षक नीति में आवश्यक संशोधन के निर्देश भी दिए गए हैं।

एक जनपद, एक खेलनीति लागू होगी
खेल मंत्री रेखा आर्य ने बताया कि केंद्र सरकार के निर्देशों के अनुरूप ‘एक जनपद, एक खेल’ नीति का प्रारूप तैयार कर लिया गया है, जिसे जल्द लागू किया जाएगा। इससे प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को पहचान और बेहतर मंच मिल सकेगा।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News