Nirbhik Nazar

केदारनाथ में पहले दिन 38 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, टोकन सिस्टम से संभाली जा रही भीड़

रुद्रप्रयाग: केदारनाथ धाम में कपाट खुलने के पहले ही दिन करीब 38 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन कर रिकॉर्ड आस्था दिखाई। भारी भीड़ के बीच जिला प्रशासन द्वारा लागू टोकन सिस्टम यात्रा प्रबंधन में कारगर साबित हो रहा है।

21 अप्रैल से लागू टोकन व्यवस्था के तहत श्रद्धालुओं को निर्धारित समय के अनुसार गर्भगृह में प्रवेश दिया जा रहा है, जिससे भीड़ नियंत्रण और दर्शन व्यवस्था सुचारु बनी हुई है। प्रशासन ने मंदिर परिसर में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग द्वार निर्धारित किए हैं, जिससे आवाजाही सुरक्षित और व्यवस्थित बनी हुई है।

पुलिस, प्रशासन और बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के बेहतर समन्वय से यात्रा मार्ग से लेकर धाम परिसर तक सुरक्षा, मार्गदर्शन, चिकित्सा और अन्य व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जा रही हैं।

टोकन सिस्टम से राहत
पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर ने बताया कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, ऐसे में सभी को टोकन के अनुसार कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराए जा रहे हैं। निर्धारित एंट्री और एग्जिट गेट से भीड़ का दबाव नियंत्रित किया जा रहा है। श्रद्धालुओं से धैर्य और संयम बनाए रखने की अपील भी की गई है।

एसडीआरएफ ने दिखाया मुस्तैदी का परिचय
यात्रा के बीच एसडीआरएफ ने दो बीमार यात्रियों का सफल रेस्क्यू कर त्वरित राहत पहुंचाई। एक गंभीर रूप से बीमार 55 वर्षीय यात्री को हेलीपैड तक पहुंचाकर एयरलिफ्ट किया गया, जबकि दूसरी महिला यात्री को प्राथमिक उपचार के बाद बेस कैंप अस्पताल पहुंचाया गया।

अधिकारियों का कहना है कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सरल और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी एजेंसियां अलर्ट मोड में काम कर रही हैं और श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News