देहरादून: नितिन नवीन ने स्पष्ट किया है कि उत्तराखंड के आगामी विधानसभा चुनाव में पुष्कर सिंह धामी ही पार्टी का चेहरा होंगे। एक मीडिया इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि धामी के नेतृत्व में ही भाजपा विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगी और नेतृत्व को लेकर किसी प्रकार का कोई संशय नहीं है।
नितिन नवीन ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा का आधार विकास, सुशासन और जन-सुधार का मजबूत ट्रैक रिकॉर्ड है। उन्होंने कहा कि भौगोलिक और प्रशासनिक चुनौतियां हर राज्य के सामने आती हैं, लेकिन भाजपा चुनौतियों से पीछे हटने वाली पार्टी नहीं है।
उन्होंने मुख्यमंत्री धामी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनके युवा और ऊर्जावान नेतृत्व में उत्तराखंड को बेहतर परिणाम मिल रहे हैं। पार्टी आगामी चुनावों में भी इसी नेतृत्व के साथ जनता के बीच जाएगी।
यूपी और उत्तराखंड में मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर नितिन नवीन ने साफ कहा कि जहां सरकार वर्तमान नेतृत्व में चल रही है, वहां वही चेहरा स्वाभाविक रूप से चुनाव में भी पार्टी का नेतृत्व करेगा।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सुरक्षा, संस्कृति और विकास के मुद्दों पर भाजपा पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है और आगे भी यही प्राथमिकता रहेगी।