देहरादून/रुद्रप्रयाग: पुष्कर सिंह धामी सरकार ने चारधाम यात्रा को लेकर भ्रामक और तथ्यहीन सूचनाएं फैलाने वालों पर कार्रवाई और तेज कर दी है। जनपद रुद्रप्रयाग में दो नई प्राथमिकी दर्ज होने के साथ ऐसे मामलों में अब तक कुल तीन FIR दर्ज की जा चुकी हैं।
सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान कुछ वीडियो और रील्स में केदारनाथ धाम की व्यवस्थाओं को लेकर गलत और भ्रामक दावे किए गए थे। इनमें श्रद्धालुओं को बिना दर्शन लौटाए जाने, घंटों कतार में खड़े रहने के बावजूद दर्शन न होने, पुलिस व्यवस्था पर सवाल और अव्यवस्था जैसी बातें प्रसारित की गईं।
प्रशासन ने इन दावों को निराधार बताते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को चरणबद्ध और सुव्यवस्थित तरीके से दर्शन कराए जा रहे हैं तथा यात्रा व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हैं।
दुष्प्रचार पर सरकार सख्त
मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि चारधाम यात्रा से जुड़ी किसी भी अफवाह, फेक न्यूज या दुष्प्रचार पर तत्काल सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की 24×7 निगरानी की जा रही है और संदिग्ध कंटेंट की पहचान कर कानूनी कार्रवाई शुरू की जा रही है।
संबंधित सोशल मीडिया आईडी संचालकों के खिलाफ कार्रवाई प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जबकि अन्य संदिग्ध वीडियो भी जांच के दायरे में हैं। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में और कार्रवाई हो सकती है।
आस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
राज्य सरकार ने साफ कहा है कि चारधाम यात्रा की गरिमा, श्रद्धालुओं की आस्था और उत्तराखंड की छवि को नुकसान पहुंचाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार का कहना है कि दुष्प्रचार करने वालों के खिलाफ यह अभियान लगातार और प्रभावी तरीके से जारी रहेगा।