Nirbhik Nazar

नारी शक्ति वंदन को समर्पित होगा उत्तराखंड विधानसभा का विशेष सत्र, 28 अप्रैल को होगी चर्चा

देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा का 28 अप्रैल को प्रस्तावित एक दिवसीय विशेष सत्र ‘नारी शक्ति वंदन’ को समर्पित रहेगा। उत्तराखंड विधानसभा सचिवालय ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। विशेष सत्र में नारी सम्मान: लोकतंत्र में अधिकार’ विषय पर चर्चा होगी।

नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर सियासी घमासान के बीच यह सत्र काफी अहम माना जा रहा है। सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच इस मुद्दे पर तीखी बहस और आरोप-प्रत्यारोप के आसार हैं।

भाजपा इस मुद्दे पर आक्रामक रुख अपनाए हुए है और पार्टी शासित राज्यों में विशेष सत्र बुलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में उत्तराखंड में भी यह विशेष सत्र आहूत किया गया है। भाजपा महिला मोर्चा जहां इस मुद्दे पर महाआक्रोश अभियान चला रहा है, वहीं कांग्रेस भी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए है।

माना जा रहा है कि सदन में महिला आरक्षण, लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी और राजनीतिक प्रतिनिधित्व जैसे मुद्दों पर व्यापक चर्चा होगी। राजनीतिक जानकारों के अनुसार यह सत्र केवल औपचारिक नहीं, बल्कि राजनीतिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है।

विशेष सत्र को लेकर विधानसभा सचिवालय ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जल्द कार्यमंत्रणा समिति की बैठक होगी, जिसमें सत्र की रूपरेखा तय की जाएगी। साथ ही दलीय नेताओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर भी बैठकों का दौर शुरू होगा।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News