Nirbhik Nazar

बाघ के बढ़ते आतंक पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने जताई चिंता, प्रदेश सरकार से की त्वरित कार्रवाई की मांग

देहरादून: यशपाल आर्य ने उत्तराखंड में बाघ के बढ़ते आतंक को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बाघ के हमलों की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन शासन-प्रशासन की संवेदनशीलता कहीं नजर नहीं आ रही।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हालात ऐसे बन गए हैं कि ग्रामीण जंगल जाने से डर रहे हैं, बच्चे स्कूल जाने में भय महसूस कर रहे हैं और महिलाओं को रोज खतरे का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह केवल वन्यजीव संरक्षण का मुद्दा नहीं, बल्कि मानव जीवन की सुरक्षा का गंभीर प्रश्न है।

यशपाल आर्य ने कहा कि बाघ संरक्षण जरूरी है, लेकिन इंसानी जीवन उससे कम महत्वपूर्ण नहीं हो सकता। उन्होंने सरकार से संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी और पेट्रोलिंग बढ़ाने, प्रभावित इलाकों में रैपिड रिस्पॉन्स टीम तैनात करने तथा ग्रामीणों के लिए सुरक्षा उपकरण और जागरूकता अभियान चलाने की मांग की।

उन्होंने बाघ हमलों में जान गंवाने वाले परिवारों को तत्काल और सम्मानजनक मुआवजा देने की भी मांग उठाई। साथ ही कहा कि स्थानीय लोगों की आवाज और सुझावों को नीति निर्माण का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।

नेता प्रतिपक्ष ने चेतावनी दी कि यदि सरकार अब भी नहीं जागी तो यह केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं की हार होगी।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News