देहरादून: आनंद बर्द्धन ने शुक्रवार को सचिवालय में “25 बिंदु कार्यक्रम 2025-26” की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को वर्ष 2026-27 के लिए शीघ्र लक्ष्य निर्धारण के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में सभी जनपदों की प्रगति और विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सभी विभाग अगले एक माह के भीतर वर्ष 2026-27 के लिए जनपदवार लक्ष्य तय कर पोर्टल पर अपडेट करें। उन्होंने कहा कि हर जिले की अपनी चुनौतियां और प्राथमिकताएं हैं, इसलिए जनपद अपने फोकस एरिया तय कर उसी अनुरूप कार्ययोजना तैयार करें।
उन्होंने सचिवों, विभागाध्यक्षों और जिलाधिकारियों को वार्षिक लक्ष्यों के साथ मासिक लक्ष्य भी निर्धारित करने के निर्देश दिए और कहा कि हर महीने इसकी समीक्षा की जाएगी। मुख्य सचिव ने वन विभाग से जुड़े लक्ष्यों को सभी जिलों के लिए तय करने और देशी-विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ाने पर विशेष फोकस करने को कहा।
बैठक में ईको टूरिज्म योजनाओं के विस्तार पर भी जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि जिन जिलों में अभी ईको टूरिज्म योजनाएं संचालित नहीं हैं, उन्हें भी इस दायरे में शामिल किया जाए। उन्होंने गवर्नेंस और जस्टिस के क्षेत्र में सुधार की सराहना करते हुए कहा कि इस दिशा में अभी और संभावनाएं हैं, जिन पर तेजी से काम करने की जरूरत है।
बैठक में आर. मीनाक्षी सुंदरम, नितेश कुमार झा समेत वरिष्ठ अधिकारी और सभी जनपदों के जिलाधिकारी मौजूद रहे।