Nirbhik Nazar

बिल्डर पर कार्रवाई न होने से आक्रोश में एटीएस कॉलोनीवासी, मौन धरना देकर जताया अपना विरोध

देहरादून। एटीएस हेवनली फुटहिल्स कॉलोनी में बिल्डर की कथित मनमानी और पुलिस की निष्क्रियता से नाराज निवासियों ने शनिवार को कॉलोनी परिसर में एक दिवसीय मौन धरना देकर विरोध जताया। लोगों ने आरोप लगाया कि कई शिकायतों के बावजूद आरोपी के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे कॉलोनी में भय का माहौल बना हुआ है।

निवासियों के अनुसार पुनीत अग्रवाल नाम का बिल्डर लंबे समय से मारपीट, अभद्रता और धमकाने जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहा है। हाल ही में एक डीआरडीओ वैज्ञानिक और उनके परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया, जिसमें वैज्ञानिक को गंभीर चोट आई। आरोप है कि इस मामले में भी पुलिस ने मामूली धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई सीमित कर दी।

कॉलोनीवासियों का कहना है कि पूर्व में भी बच्चों को डराने, तेज रफ्तार वाहन चलाकर टक्कर मारने का प्रयास करने और पिस्टल दिखाकर धमकाने जैसी घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों ने पुलिस पर आरोपी को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी पहुंच के कारण हर बार मामला दबा दिया जाता है।

निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया जाए, ताकि कॉलोनी में सुरक्षा का माहौल बहाल हो सके।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News