Nirbhik Nazar

लोकसभा अध्यक्ष का उत्तराखंड दौरा: कैंची धाम पहुंचे ओम बिरला, नीम करौली बाबा के किए दर्शन

नैनीताल: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला इन दिनों उत्तराखंड दौरे पर हैं। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने प्रसिद्ध कैंची धाम पहुंचकर नीम करौली बाबा के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। उन्होंने इस आध्यात्मिक स्थल को शांति, सकारात्मक ऊर्जा और आत्मिक संतुलन का केंद्र बताया।

इससे पहले ओम बिरला ने नैनीताल स्थित डॉ. रघुनंदन सिंह टोलिया प्रशासनिक अकादमी में आयोजित संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम में उन्होंने वन पंचायत प्रतिनिधियों, त्रिस्तरीय पंचायतों और शहरी निकायों के निर्वाचित सदस्यों को संबोधित किया।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए जनभागीदारी और पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली बेहद जरूरी है। उन्होंने उत्तराखंड की वन पंचायतों को सामुदायिक भागीदारी आधारित वन प्रबंधन का सफल मॉडल बताते हुए इसे लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी करार दिया।

ओम बिरला ने कहा कि “जल, जंगल और जमीन” का संतुलन मानव जीवन और पर्यावरण के लिए अत्यंत आवश्यक है। इनके संरक्षण के लिए स्थानीय स्तर पर सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने उत्तराखंड को प्रकृति और संस्कृति के संतुलित सह-अस्तित्व का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

उन्होंने औपनिवेशिक काल से लेकर अब तक वन संरक्षण के प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि इन नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन में अभी भी कई चुनौतियां मौजूद हैं, जिन पर मिलकर काम करने की जरूरत है।

इसके अलावा, उन्होंने वन पंचायतों के सहयोग से औषधीय पौधों के संरक्षण, शोध और वैल्यू एडिशन के लिए व्यापक कार्ययोजना बनाने का सुझाव दिया। साथ ही वनाग्नि की घटनाओं को रोकने में स्थानीय समुदायों के अनुभव को महत्वपूर्ण बताया।

वन संरक्षण में महिलाओं की भूमिका की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि मातृशक्ति का योगदान प्रेरणादायक है और इसे और सशक्त बनाने की आवश्यकता है। कार्यक्रम के दौरान प्रतिनिधियों ने भी वनाग्नि रोकथाम, वित्तीय सहायता और अधिकारों के विस्तार जैसे मुद्दे उठाए, जिस पर ओम बिरला ने केंद्र स्तर तक बात पहुंचाने का आश्वासन दिया।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News