Nirbhik Nazar

BJP विधायक के कथित लेटर से सियासी हलचल, कांग्रेस ने BJP सरकार पर उठाए सवाल

देहरादून: उत्तराखंड की राजनीति में उस वक्त हलचल तेज हो गई, जब बीजेपी विधायक अरविंद पांडे के नाम से जुड़ा एक कथित पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस पत्र को लेकर कांग्रेस ने राज्य की पुष्कर सिंह धामी सरकार पर तीखा हमला बोला है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने वायरल पत्र का हवाला देते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पत्र में मुख्यमंत्री पर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच जरूरी है।

गणेश गोदियाल के मुताबिक, यह पत्र बीजेपी विधायक अरविंद पांडे के लेटरपैड पर लिखा गया बताया जा रहा है और इसमें उनके हस्ताक्षर भी दिखाई दे रहे हैं। हालांकि पत्र में जिसे संबोधित किया गया है, उसका नाम कथित रूप से छिपाया गया है।

कांग्रेस का दावा है कि पत्र में मुख्यमंत्री पर राजनीतिक षड्यंत्र रचने, झूठे मुकदमे दर्ज कराने और प्रशासनिक दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। साथ ही कुछ पुलिस अधिकारियों का भी उल्लेख किया गया है।

गणेश गोदियाल ने कहा कि जब सत्तारूढ़ दल का विधायक ही इस तरह के आरोप लगा रहा है, तो आम जनता की सुरक्षा और न्याय व्यवस्था पर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है। उन्होंने इस पूरे मामले की न्यायिक निगरानी में जांच कराने की मांग की है।

वहीं, अभी तक अरविंद पांडे या सरकार की ओर से इस वायरल पत्र की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि पत्र वास्तविक है या भ्रामक।

यह मामला सामने आने के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है और अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि इस कथित पत्र की सच्चाई क्या है और सरकार इस पर क्या रुख अपनाती है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News