Nirbhik Nazar

उत्तराखंड: बीजेपी में शामिल हुए कांग्रेस के कई बड़े चेहरे, सदस्यता अभियान से सियासी हलचल तेज

देहरादून: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी ने अपने सदस्यता अभियान के जरिए कांग्रेस में बड़ी सेंध लगाते हुए कई प्रमुख नेताओं को पार्टी में शामिल किया है।

देहरादून स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी राणा, महिला कांग्रेस की वरिष्ठ उपाध्यक्ष मीना शर्मा, रुद्रपुर नगर पालिका की पूर्व चेयरमैन और 2022 की विधायक प्रत्याशी, तथा घनसाली से पूर्व विधायक प्रत्याशी दर्शन लाल आर्य समेत कई नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी का सदस्यता अभियान लगातार मजबूत हो रहा है और बड़ी संख्या में लोग भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर जुड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य में पुष्कर सिंह धामी और केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे कार्यों से प्रभावित होकर जनप्रतिनिधि और आम लोग भाजपा का दामन थाम रहे हैं।

महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी जनता को गुमराह करने का काम कर रही है, जिसका असर अब साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में कांग्रेस के और भी कई नेता भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा पूरी तरह तैयार है और पार्टी एक बार फिर बहुमत के साथ सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News