Nirbhik Nazar

उत्तरकाशी: नगाण गांव में सीएम धामी ने श्रीमद्भागवत कथा में लिया भाग, प्रदेश की खुशहाली की कामना

देहरादून/उत्तरकाशी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़कोट तहसील के नगाण गांव में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में प्रतिभाग कर क्षेत्रवासियों के साथ आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया। इस दौरान उन्होंने कथा श्रवण कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।

कार्यक्रम भाजपा मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान की धर्मपत्नी स्वर्गीय उमा जी के वार्षिक श्राद्ध के अवसर पर आयोजित किया गया था। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण व्यक्ति के विवेक और ज्ञान को जागृत करता है तथा पितरों की आत्मा की शांति के लिए भी महत्वपूर्ण माना जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सनातन संस्कृति को नई पहचान मिली है। उन्होंने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण जैसे कार्यों का उल्लेख करते हुए इसे सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक बताया।

उन्होंने उत्तराखंड को देवभूमि बताते हुए कहा कि यहां चारधाम स्थित हैं और राज्य सरकार तीर्थ स्थलों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। केदारनाथ पुनर्निर्माण के बाद बद्रीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नगाण गांव में ग्राम प्रधान की मांग पर बारात घर निर्माण का आश्वासन भी दिया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, विधायकगण एवं प्रशासनिक अधिकारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News