Nirbhik Nazar

वायरल लेटर पर अरविंद पांडे का पलटवार, बोले- “फर्जी साजिश”, कांग्रेस पर साधा निशाना

देहरादून: उत्तराखंड की राजनीति में वायरल लेटर को लेकर मचे घमासान के बीच गदरपुर से भाजपा विधायक अरविंद पांडे ने चार दिन बाद सामने आकर अपनी सफाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित पत्र को पूरी तरह फर्जी और भ्रामक बताते हुए सिरे से खारिज कर दिया।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में पांडे ने कहा कि उनके नाम से फैलाया जा रहा पत्र एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाना है। उन्होंने सीधे तौर पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष इस तरह के हथकंडों से जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी के साथ उनके रिश्ते पूरी तरह मजबूत हैं और किसी तरह की नाराजगी या मतभेद की खबरें निराधार हैं। पांडे ने कहा कि संगठन में उन्हें पूरा सम्मान मिल रहा है और वे लंबे समय से भाजपा के साथ निष्ठा से जुड़े हुए हैं।

गौरतलब है कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने इसी कथित पत्र के आधार पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए थे और मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग भी की थी।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद जहां भाजपा ने इसे फर्जी प्रचार करार दिया है, वहीं विपक्ष अब भी इस मुद्दे पर हमलावर है। ऐसे में आने वाले दिनों में इस मामले को लेकर सियासी बयानबाजी और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News