Nirbhik Nazar

हरिद्वार: कुंभ तैयारियों पर सख्ती: शहरी विकास मंत्री ‘राम सिंह कैड़ा’ ने दूसरी बार की समीक्षा, गुणवत्ता और पारदर्शिता पर जोर

हरिद्वार: उत्तराखंड में आगामी कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने एक बार फिर समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। एक महीने के भीतर यह उनकी दूसरी समीक्षा बैठक रही, जिससे तैयारियों की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

हरिद्वार में मेला नियंत्रण भवन में आयोजित बैठक में मेला प्रशासन, पीडब्ल्यूडी, सिंचाई, पेयजल, परिवहन, जल संस्थान समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान निर्माण कार्यों की प्रगति पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत की गई।

मंत्री ने कुंभ से जुड़े अवस्थापना विकास कार्यों, निर्माणाधीन परियोजनाओं, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, घाटों के सुदृढ़ीकरण, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार कुंभ मेले को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समयसीमा में उच्च गुणवत्ता और पूर्ण पारदर्शिता के साथ पूरे किए जाएं। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री ने कहा कि कुंभ मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और प्रशासनिक क्षमता का प्रतीक है। इसलिए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता ऐसी होनी चाहिए, जिससे भविष्य में भी स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को लाभ मिलता रहे।

मानसून को देखते हुए उन्होंने कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए और कहा कि सभी विभाग मौसम संबंधी चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए कार्ययोजना बनाएं। साथ ही पार्किंग, यातायात, साफ-सफाई, शौचालय और घाटों की सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा गया है।

मंत्री ने स्पष्ट किया कि कुंभ से जुड़े कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी और वे स्वयं भी समय-समय पर स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लेते रहेंगे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News