Nirbhik Nazar

 “चाहें तो पद से हटा दें, समझौता नहीं करूंगा” – ठगी मामले पर भावुक हुए गणेश गोदियाल

देहरादून: उत्तराखंड की राजनीति में चर्चित ठगी प्रकरण को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का बयान सामने आया है। मीडिया से बातचीत के दौरान गोदियाल भावुक हो गए और अपनी बात रखते हुए उनकी आंखें नम हो गईं। उन्होंने साफ कहा कि वह किसी भी तरह का समझौता नहीं करेंगे, चाहे उन्हें पद से हटा ही क्यों न दिया जाए।

दरअसल, हाल ही में देहरादून पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने खुद को एक बड़े नेता का करीबी बताकर लोगों से ठगी की। आरोप है कि उसने एक महिला को चुनाव में टिकट दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठ लिए।

इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए गणेश गोदियाल ने बताया कि आरोपी ने उन्हें भी फोन किया था और कहा था कि उनकी प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी खतरे में है। शुरुआत में उन्हें थोड़ी शंका हुई, लेकिन बाद में बातचीत के दौरान उन्हें एहसास हो गया कि यह एक फर्जी व्यक्ति है।

गोदियाल ने कहा कि पिछले कुछ समय से उनके खिलाफ साजिशों की बातें सामने आ रही थीं, जिससे वे मानसिक रूप से काफी परेशान रहे। उन्होंने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम के बाद कई दिनों तक वह सो नहीं पाए और अब भी इस मामले की सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।

उन्होंने पुलिस से मांग की कि इस ठगी प्रकरण की पूरी सच्चाई उजागर की जाए और यह सामने लाया जाए कि इस साजिश के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जनता के सामने सच्चाई आना बेहद जरूरी है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उन्होंने आरोपी से साफ कह दिया था कि वह किसी भी तरह का “सेटलमेंट” नहीं करेंगे, क्योंकि उन्होंने कोई गलत काम नहीं किया है। उन्होंने दोहराया कि वह पार्टी के एक समर्पित कार्यकर्ता हैं और संगठन के हित में काम करते रहेंगे, चाहे उनकी जिम्मेदारी कुछ भी हो।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News