देहरादून: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री Harish Rawat ने देहरादून में इंडिया गठबंधन और सामाजिक संगठनों के साथ चौपाल लगाकर केंद्र सरकार और बीजेपी पर तीखा हमला बोला। पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क के समीप आयोजित इस संवाद कार्यक्रम में हरीश रावत ने कहा कि देश में लोकतंत्र और संविधान के मूल सिद्धांतों के सामने गंभीर चुनौती खड़ी हो गई है।
हरीश रावत ने कहा कि राजनीति में मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सभी समान सोच रखने वाले लोगों को एक मंच पर आने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि चाहे राजनीतिक दल हों, सामाजिक संगठन हों या आम नागरिक, सभी को मिलकर देश के लोकतांत्रिक ढांचे को मजबूत करने के लिए काम करना होगा।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वे इस संवाद और चौपाल की प्रक्रिया को पूरे उत्तराखंड में चलाएंगे ताकि लोगों को मौजूदा हालात से अवगत कराया जा सके।
पश्चिम बंगाल और असम के चुनावों का जिक्र करते हुए हरीश रावत ने बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव जीतने के लिए सत्ता पक्ष ने पूरी सरकारी ताकत और संवैधानिक संस्थाओं का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जिन राज्यों में चुनाव होने हैं, वहां विपक्ष को बेहद सतर्क रहने की जरूरत है।
वहीं कांग्रेस संगठन भी आगामी चुनावों को लेकर सक्रिय हो गया है। कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी Kumari Selja 6 मई से गढ़वाल मंडल के दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वे ऋषिकेश, बदरीनाथ, केदारनाथ और टिहरी सहित कई क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगी और कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम करेंगी।