Nirbhik Nazar

उत्तराखंड को सीएम धामी की बड़ी सौगात, विकास योजनाओं के लिए 256 करोड़ रुपये की मंजूरी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की विभिन्न विकास योजनाओं, आपदा प्रबंधन कार्यों और कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के लिए लगभग 256 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। सरकार द्वारा जारी इस धनराशि से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ ही राहत एवं पुनर्निर्माण कार्यों को गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने राज्य आपदा मोचन निधि के अंतर्गत 15वें वित्त आयोग की अवशेष धनराशि से प्रदेश के सभी 13 जिलों के लिए विशेष बजट स्वीकृत किया है। इसके तहत प्रत्येक जिले को राहत एवं बचाव कार्यों के लिए 3 करोड़ रुपये, पुनर्प्राप्ति एवं पुनर्निर्माण कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपये तथा तैयारी एवं क्षमता विकास के लिए 2 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। इस मद में कुल 130 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की जाएगी।

इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने नॉन-एसडीआरएफ मद के अंतर्गत आपदा से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण के लिए प्रत्येक जिले को 2 करोड़ रुपये की दर से कुल 26 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी प्रदान की है।

कुंभ मेला तैयारियों को भी मिली रफ्तार

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत विभिन्न सड़क सुधार और चौड़ीकरण कार्यों के लिए भी बजट स्वीकृत किया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग-58 से औद्योगिक क्षेत्र तक चार लेन मार्ग के नवीनीकरण के लिए 2.72 करोड़ रुपये, पशुलोक बैराज मार्ग सुधार कार्य के लिए 2.13 करोड़ रुपये तथा बहादराबाद-रोहाल्की तिराहे से अलीपुर-सुकरासा-पथरी अंबूवाला मार्ग के नवीनीकरण हेतु 1.36 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।

पेयजल योजनाओं को मिली मजबूती

देहरादून में जल संस्थान की पित्थूवाला शाखा अंतर्गत कमला पैलेस और जीएमएस रोड क्षेत्र में नलकूप निर्माण, राइजिंग मेन और वितरण प्रणाली से जुड़े कार्यों के लिए 20.37 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इसके अलावा एसएएससीआई कार्यक्रम के अंतर्गत रुद्रप्रयाग जिले की तिलवाड़ा नगर पंचायत पेयजल योजना के लिए 39.86 करोड़ रुपये, चमोली जिले की पीपलकोटी नगर पंचायत पेयजल योजना के लिए 24.38 करोड़ रुपये तथा टिहरी गढ़वाल की हिंडोलाखाल पंपिंग पेयजल योजना के लिए 9.73 करोड़ रुपये की वित्तीय मंजूरी दी गई है।

रुड़की में सुनहरा चौक का बदलेगा नाम

मुख्यमंत्री ने रुड़की नगर निगम क्षेत्र स्थित सुनहरा मार्ग चौराहे का नाम बदलकर “शहीद चौक” किए जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है। सरकार के इस निर्णय को स्थानीय स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News