देहरादून: मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 307 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें स्वास्थ्य विभाग के 243 चिकित्सा अधिकारी, 42 फार्मासिस्ट और उद्यान विभाग के 22 प्रयोगशाला सहायक एवं मशरूम पर्यवेक्षक शामिल हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नियुक्ति पत्र केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता की सेवा का संकल्प है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय और भौगोलिक रूप से चुनौतीपूर्ण राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों की जिम्मेदारी बेहद महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने नव नियुक्त चिकित्सा अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों से अपेक्षा जताई कि वे दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में संवेदनशीलता और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं दें। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में स्वास्थ्यकर्मी ही आम लोगों की सबसे बड़ी उम्मीद बनते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। आयुष्मान योजना के तहत प्रदेश में अब तक 62 लाख से अधिक कार्ड वितरित किए जा चुके हैं और करीब 12 लाख मरीजों को कैशलेस उपचार का लाभ मिला है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में स्वास्थ्य ढांचे के विस्तार के लिए मेडिकल शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वर्तमान में प्रदेश में पांच मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जबकि दो नए मेडिकल कॉलेज निर्माणाधीन हैं। इसके अलावा 9 नर्सिंग कॉलेज और 3 नर्सिंग स्कूल भी संचालित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।