निर्भीक ब्यूरो
पटना: बिहार के आठ जिलों में नए आइएसएस अफसरों की पदस्थापना की गई है। ये सभी भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2020 बैच (Indian Administrative Service 2020 Batch) के प्रशिक्षु अधिकारी हैं। जिलों में इनका पदस्थापन भी प्रशिक्षण अवधि की ही एक कड़ी है। जिलों में इनकी पदस्थापना के लिए बिहार सरकार (Government of Bihar) के सामान्य प्रशासन विभाग (General Administration Department) ने गुरुवार को अधिसूचना जारी कर दी। इन सभी अधिकारियों को सहायक समाहर्ता (Assistant Collector), सहायक दंडाधिकारी (Assistant Magistrate) और कार्यपालक दंडाधिकारी (Executive Magistrate) की शक्तियां दी गई हैं।

सूची में शामिल हैं इन अफसरों के नाम
जिलों में भेजे गए नए आइएएस अधिकारियों में श्रेष्ठ अनुपम को मुजफ्फरपुर, प्रदीप सिंह को पटना, चंद्रिमा अत्री को भागलपुर, अनुपमा सिंह को गया, श्रीकांत कुंडलीक खांडेकर को नालंदा, कुमार निशांत विवेक को पूर्णिया, अभिषेक पलासिया को दरभंगा तथा सेधु माधवन एस को पश्चिम चंपारण जिला आवंटित किया गया है।
तीन अफसर बिहार के, पांच अन्य राज्यों से
बिहार को मिले नए आइएएस अफसरों में श्रेष्ठ अनुपम, अनुपमा सिंह और कुमार निशांत विवेक बिहार के प्रदीप सिंह मध्य प्रदेश के चंद्रिमा अत्री हरियाणा के श्रीकांत कुंडलीक खांडेकर महाराष्ट्र के अभिषेक पलासिया के राजस्थान और सेधु माधवन एस तमिलनाडु के रहने वाले हैं।
आपको बता दें बिहार में आइएएस अफसरों की कमी है। मौजूदा वक्त में प्रदेश में 359 स्वीकृत पदों के लिहाज से केवल 202 अफसर ही तैनात हैं। यह स्वीकृत पदों का लगभग आधा है। 2020 कैडर में मिले नए अफसरों से स्थिति में कोई बदलाव होता नहीं दिख रहा है, क्योंकि इस साल कई अफसर रिटायर भी होने हैं। पिछले दिनों बिहार विधानसभा में बिहार सरकार के मंत्री बिजेंद्र यादव ने बताया था कि 2020 की सिविल सेवा परीक्षा के आधार पर बिहार सरकार ने कम से कम 54 अफसरों की मांग की है।