Nirbhik Nazar

उत्तराखंड पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’ जारी, 1400 से ज्यादा अपराधी गिरफ्तार

देहरादून: उत्तराखंड में बढ़ते अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’ लगातार जारी है। डीजीपी Deepam Seth ने गुरुवार को अभियान की हाईलेवल समीक्षा करते हुए प्रदेशभर में चल रही कार्रवाई का जायजा लिया। समीक्षा बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गढ़वाल और कुमाऊं परिक्षेत्र के आईजी, सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ और जीआरपी अधिकारियों के साथ की गई।

अभियान के तहत अब तक 1400 से अधिक वांछित, फरार और पेशेवर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं गैंगस्टर एक्ट के तहत 40 आरोपियों और गुंडा एक्ट के तहत 130 से अधिक लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ भी बड़ा अभियान चलाया। राज्यभर से 66 अवैध शस्त्र बरामद किए गए हैं। उधम सिंह नगर पुलिस ने हरेंद्र सिंह उर्फ हनी और निखिल वर्मा को भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार इनके तार आतंकी संगठन “अल बदर” से जुड़े मामलों से पाए गए हैं।

वहीं एसटीएफ ने देहरादून से विक्रांत कश्यप नामक आरोपी को अवैध पिस्टल और कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया। जांच में उसके संपर्क पाकिस्तानी आतंकी संगठन “अल बरक ब्रिगेड” से जुड़े पाए गए।

राज्य में अवैध रूप से रह रहे तीन बांग्लादेशी नागरिकों को भी फर्जी दस्तावेजों के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 4 हजार से अधिक असामाजिक तत्वों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की है।

यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। रैश ड्राइविंग, ड्रंक एंड ड्राइव, फर्जी नंबर प्लेट और हूटर के दुरुपयोग के खिलाफ चलाए गए अभियान में 15 हजार से अधिक वाहनों के चालान किए गए, जबकि 2 हजार से ज्यादा वाहन सीज किए गए।

अभियान के दौरान 18 हजार से अधिक बार, पब, होटल, क्लब, स्पा और ढाबों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले 1200 से अधिक लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इसके अलावा किराएदार सत्यापन अभियान के तहत 40 हजार से अधिक लोगों का सत्यापन किया गया।

चारधाम यात्रा को देखते हुए साइबर ठगी रोकने के लिए भी विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस ने यात्रा रजिस्ट्रेशन, हेली टिकट और होटल बुकिंग के नाम पर ठगी करने वाले 200 से अधिक फर्जी सोशल मीडिया लिंक ब्लॉक किए और 50 से ज्यादा संदिग्ध मोबाइल नंबर बंद कराए। इस मामले में 147 लिंक ऑपरेटर और 27 फर्जी मोबाइल धारकों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

डीजीपी दीपम सेठ ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस राज्य के नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि अपराध और संगठित नेटवर्क के खिलाफ ‘ऑपरेशन प्रहार’ आगे भी और अधिक प्रभावी तरीके से जारी रहेगा।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News