Nirbhik Nazar

ऊर्जा बचत को जनआंदोलन बनाएगी धामी सरकार, सभी विभागों को जारी हुए सख्त निर्देश

देहरादून: पुष्कर सिंह धामी सरकार ने राज्य में ऊर्जा संरक्षण और ईंधन बचत को लेकर व्यापक कार्ययोजना लागू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रमुख सचिव आरके सुधांशु ने सभी विभागों, मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों और विभागाध्यक्षों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

सरकार का कहना है कि कोविड महामारी के बाद की आर्थिक परिस्थितियां, रूस-यूक्रेन युद्ध और पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण ऊर्जा दक्षता और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की आवश्यकता पहले से अधिक बढ़ गई है। इसी को देखते हुए राज्य सरकार अब ऊर्जा संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने की तैयारी कर रही है।

जारी निर्देशों के तहत अब सभी सरकारी कार्यालयों में एयर कंडीशनर का तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रखना अनिवार्य किया गया है। साथ ही अनावश्यक बिजली और ऊर्जा उपकरणों के उपयोग पर रोक लगाने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

सार्वजनिक परिवहन और “नो व्हीकल डे” को बढ़ावा

सरकार ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सार्वजनिक परिवहन, कार पूलिंग और साझा वाहन व्यवस्था अपनाने के लिए प्रेरित करने को कहा है। इसके अलावा वर्क फ्रॉम होम, “नो व्हीकल डे”, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आधारित बैठकें और साइकिल शेयरिंग जैसी व्यवस्थाओं को बढ़ावा देने का निर्णय लिया गया है ताकि ईंधन की खपत कम की जा सके।

पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था पर भी फोकस

राज्य सरकार “विजिट माय स्टेट” और “हॉलीडे इन इंडिया” अभियान चलाकर पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की तैयारी में है। धार्मिक, सांस्कृतिक, ग्रामीण और ईको-टूरिज्म गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए सिंगल विंडो क्लीयरेंस व्यवस्था विकसित की जाएगी।

इसके अलावा “मेड इन उत्तराखंड” अभियान के जरिए स्थानीय उत्पादों और स्वयं सहायता समूहों को बाजार उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है।

प्राकृतिक खेती और सौर ऊर्जा को बढ़ावा

सरकार ने प्राकृतिक खेती, जैविक कृषि और बायो-इनपुट आधारित खेती को बढ़ावा देने का भी फैसला लिया है। किसानों को नेचुरल फार्मिंग और जीरो बजट फार्मिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

साथ ही राज्य में सौर ऊर्जा, पीएनजी, एलपीजी और बायोगैस परियोजनाओं को गति देने के निर्देश जारी किए गए हैं। प्रधानमंत्री प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत रूफटॉप सोलर परियोजनाओं को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News