Nirbhik Nazar

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्यपाल से की शिष्टाचार भेंट…

देहरादून: पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को लोक भवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच राज्य की विभिन्न विकास योजनाओं और समसामयिक विषयों पर चर्चा हुई।

वहीं दूसरी ओर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने भी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के नेतृत्व में लोक भवन पहुंचकर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने प्रदेश की कानून व्यवस्था, नर्सिंग अभ्यर्थियों की मांगों और हालिया आपराधिक घटनाओं को लेकर राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है और आम लोगों का भरोसा टूटता जा रहा है। उन्होंने भाजपा विधायक अरविंद पांडेय द्वारा अपनी ही सरकार पर लगाए गए षड़यंत्र के आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि जब सत्ताधारी दल के विधायक खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। कांग्रेस ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने चंपावत में नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले का भी मुद्दा उठाया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि मामले की निष्पक्ष जांच करने के बजाय घटना को निराधार बताने का प्रयास किया गया।

इसके अलावा पौड़ी जिले के रैतपुर गांव में पुलिस प्रताड़ना से परेशान होकर युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले को भी कांग्रेस ने गंभीर बताया। साथ ही लंबे समय से वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे नर्सिंग अभ्यर्थियों के मुद्दे को भी राज्यपाल के समक्ष रखा गया।

कांग्रेस ने राज्यपाल से मांग की कि इन सभी मामलों में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए सरकार को आवश्यक निर्देश दिए जाएं।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News