Nirbhik Nazar

देहरादून में स्कॉर्पियो से डेढ़ करोड़ की नकदी बरामद ! सीक्रेट केबिन बनाकर छिपाए थे रुपए…

देहरादून: जनपद में चलाए जा रहे वाहन चेकिंग अभियान के दौरान कैंट पुलिस ने महाराष्ट्र नंबर की एक संदिग्ध स्कॉर्पियो से 1 करोड़ 55 लाख रुपये की नकदी बरामद की है। खास बात यह रही कि वाहन में रुपए छिपाने के लिए बाकायदा सीक्रेट केबिन बनाया गया था। मामले में आयकर विभाग की टीम जांच में जुट गई है, जबकि पुलिस ने वाहन को सीज कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को कैंट पुलिस राजेंद्र नगर कौलागढ़ क्षेत्र में सिरमौर मार्ग पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन को रोककर जांच की गई। पूछताछ में चालक ने अपना नाम सतीश भाई निवासी मेहसाणा, गुजरात बताया। वाहन में उसके साथ ठाकुर जसवंत संघ बनाजी निवासी पाटन, गुजरात और सचिन पटेल निवासी विसनगर, गुजरात भी सवार थे।

पुलिस द्वारा वाहन के दस्तावेज मांगने पर चालक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। संदेह होने पर सख्ती से पूछताछ की गई तो चालक ने वाहन में भारी मात्रा में नकदी होने की जानकारी दी। उसने बताया कि गाड़ी की बीच और पिछली सीट के बीच बने एक सीक्रेट केबिन में रकम छिपाकर रखी गई है।

सूचना मिलते ही आयकर विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर सीक्रेट केबिन से करीब 1 करोड़ 55 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई। हालांकि वाहन सवार लोग इतनी बड़ी रकम से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

पूछताछ में चालक ने बताया कि यह रकम वह वाराणसी से लेकर आया था और वाहन में मौजूद जसवंत को सौंपनी थी।

मामले को लेकर सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल ने बताया कि आयकर विभाग की टीम ने तीनों व्यक्तियों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए हैं। बरामद नकदी का आकलन किया जा रहा है और आगे की कार्रवाई आयकर विभाग द्वारा की जाएगी।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News