Nirbhik Nazar

माँ वाराही धाम का होगा भव्य कायाकल्प, धार्मिक पर्यटन को मिलेगी नई पहचान : सीएम धामी

देहरादून/देवीधुरा: पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चम्पावत के ऐतिहासिक एवं सुप्रसिद्ध माँ वाराही शक्तिपीठ धाम, देवीधुरा पहुंचकर मंदिर के नवनिर्माण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी भी ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि माँ वाराही धाम केवल आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि धाम का विकास इसकी पौराणिक गरिमा और मूल स्वरूप को बनाए रखते हुए किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाओं के साथ आध्यात्मिक अनुभूति भी प्राप्त हो सके।

पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आने वाले समय में माँ वाराही धाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगा। इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

इस परियोजना के तहत लगभग ₹15 करोड़ की अनुमानित लागत से मंदिर का भव्य नवनिर्माण किया जा रहा है, जिसे चार खाम सात थोक एवं माँ वाराही शक्तिपीठ ट्रस्ट द्वारा आगामी दो से तीन वर्षों में पूर्ण किया जाएगा। निर्माण कार्य में राजस्थान के विशेष नक्काशीदार पत्थरों का उपयोग किया जाएगा, जबकि स्थापत्य एवं शिल्प कार्य गुजरात के विशेषज्ञ कारीगरों की देखरेख में संपन्न होगा।

मुख्यमंत्री ने माँ वाराही मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना भी की।

निरीक्षण के दौरान मनीष कुमार, रेखा यादव, गोविंद सामंत सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News