Nirbhik Nazar

नानकमत्ता में महाराणा प्रताप जयंती समारोह में शामिल हुए सीएम धामी, मेधावी छात्रों को किया सम्मानित

देहरादून/नानकमत्ता: पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नानकमत्ता में आयोजित वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती समारोह में शामिल होकर कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नानकमत्ता साहिब की पावन धरती पर महाराणा प्रताप जैसे महान राष्ट्रनायक का स्मरण करना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप केवल मेवाड़ के शासक नहीं थे, बल्कि भारत की आन, बान और स्वाभिमान के अमर प्रतीक थे। उनका जीवन त्याग, संघर्ष, साहस और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणादायक गाथा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन यह संदेश देता है कि राष्ट्र, संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा के लिए कठिन परिस्थितियों में भी सिद्धांतों से समझौता नहीं करना चाहिए। उन्होंने थारू समाज की परंपराओं, लोकगीतों और प्रकृति से जुड़ी जीवनशैली को उत्तराखंड की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर बताया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान और विकास के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, वन धन योजना और जनजातीय विकास मिशन जैसी योजनाओं के माध्यम से जनजातीय समुदायों को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भी जनजातीय समाज के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। अटल आवास योजना के तहत आय सीमा को व्यावहारिक बनाया गया है और आवास निर्माण सहायता बढ़ाई गई है। उन्होंने बताया कि उधम सिंह नगर में इस योजना के अंतर्गत करीब 3 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है।

इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री जनमन योजना के जरिए भी बड़ी संख्या में जनजातीय परिवार लाभान्वित हुए हैं। शिक्षा क्षेत्र का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आश्रम पद्धति विद्यालयों, छात्रावासों और आईटीआई संस्थानों के विकास के लिए करोड़ों रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई गई है। खटीमा में बालिका छात्रावास के लिए 4 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जबकि बाजपुर में 16 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विद्यालय और छात्रावास बनाए जा रहे हैं। गदरपुर में 100 बेड का छात्रावास भी निर्माणाधीन है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए आजीविका मिशन और वन धन केंद्रों के जरिए स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। महिलाओं को 1 करोड़ रुपये से अधिक की चक्रीय निधि और 8 करोड़ रुपये से अधिक की निवेश सहायता दी गई है।

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नानकमत्ता गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।

इस दौरान शिव अरोरा, अजय मौर्य, विकास शर्मा, प्रेम सिंह राणा, अनिल कपूर डब्बू, नितिन सिंह भदौरिया और अजय गणपति समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News