Skip to main content

Nirbhik Nazar

लोकसंस्कृति, आस्था और विकास का संगम बना गोल्ज्यू महोत्सव-2026, मुख्यमंत्री ने किया वर्चुअल समापन

देहरादून/चम्पावत: पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत में आयोजित ऐतिहासिक ‘गोल्ज्यू महोत्सव-2026’ के समापन समारोह को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि चम्पावत को देश का सर्वश्रेष्ठ और आदर्श जिला बनाना राज्य सरकार का “विकल्प रहित संकल्प” है।

4 मई से शुरू हुए 13 दिवसीय सांस्कृतिक एवं धार्मिक महोत्सव का रविवार को हर्षोल्लास और जनउत्साह के साथ विधिवत समापन हो गया। मुख्यमंत्री ने नगरपालिका परिषद चम्पावत, जिला प्रशासन और क्षेत्रवासियों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की लोक संस्कृति, पारंपरिक लोक कलाओं और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने न्याय के देवता माने जाने वाले गोल्ज्यू महाराज की भूमि को नमन करते हुए कहा कि यह महोत्सव केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि चम्पावत की सांस्कृतिक पहचान और लोक परंपराओं के संरक्षण का सशक्त मंच है।

उन्होंने महिला सशक्तिकरण और स्थानीय अर्थव्यवस्था को महोत्सव की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों से स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिली है। पहाड़ी दालों, हस्तशिल्प, ऑर्गेनिक उत्पादों और पारंपरिक व्यंजनों की बिक्री से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जनजागरूकता और स्वरोजगार आधारित स्टॉलों के माध्यम से लोगों को सरकार की योजनाओं की जानकारी भी दी गई, जो सराहनीय पहल है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सीमांत जनपद चम्पावत के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। ‘मानसखंड मंदिर माला मिशन’ के तहत कुमाऊं क्षेत्र के प्राचीन धार्मिक स्थलों को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में माँ वाराही धाम, बालेश्वर मंदिर और पाताल रुद्रेश्वर समेत कई धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चम्पावत में ‘गोल्ज्यू कॉरिडोर’ और टनकपुर में ‘शारदा कॉरिडोर’ का निर्माण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। साथ ही सड़क चौड़ीकरण, पार्किंग सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि चम्पावत में आधुनिक ड्राई पोर्ट, अंतरराष्ट्रीय स्तर के साइंस सेंटर, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, आईएसबीटी टनकपुर, पेयजल योजनाओं और मीडिया सेंटर गेस्ट हाउस जैसी परियोजनाओं पर भी काम किया जा रहा है, जिससे रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

महोत्सव के अंतिम तीन दिनों में आयोजित स्टार नाइट कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहा। इस दौरान इंदर आर्या, माया उपाध्याय और नीरज चुफाल ने कुमाऊंनी और गढ़वाली गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

कार्यक्रम में श्याम नारायण पांडे, मुकेश महराणा, आनंद अधिकारी, प्रेमा पांडे, गोविंद सामंत, मनीष कुमार और रेखा यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News