देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से चार अत्याधुनिक एंबुलेंस को फ्लैग ऑफ किया। एचडीएफसी बैंक द्वारा कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत उपलब्ध कराई गई ये एंबुलेंस राज्य के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत करने के उद्देश्य से दी गई हैं।
पहले चरण में ये एंबुलेंस चमोली, चंपावत, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग जिलों में सेवाएं देंगी। इन एंबुलेंस में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं और आपातकालीन उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर उपचार मिल सके।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में समय पर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि निजी संस्थाओं का जनहित में सहयोग सामाजिक उत्तरदायित्व का बेहतर उदाहरण है और राज्य सरकार अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
सीएम धामी ने एचडीएफसी बैंक की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आपदा की स्थिति, बड़े धार्मिक आयोजनों और दुर्गम क्षेत्रों में ऐसी सेवाएं काफी उपयोगी साबित होंगी। उन्होंने भविष्य में अन्य पर्वतीय जिलों और आगामी हरिद्वार कुंभ के लिए भी सीएसआर के तहत अतिरिक्त एंबुलेंस उपलब्ध कराने की अपेक्षा जताई।
बैंक अधिकारियों के अनुसार, आगामी तीन वर्षों तक प्रत्येक एंबुलेंस में डॉक्टर, नर्स, अटेंडेंट और चालक की व्यवस्था भी बैंक की ओर से की जाएगी। साथ ही भविष्य में इन एंबुलेंस का उपयोग धार्मिक आयोजनों और आपदा प्रबंधन कार्यों में भी किया जाएगा।