Skip to main content

Nirbhik Nazar

राजीव गांधी की शहादत दिवस पर कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि, गणेश गोदियाल बोले- सूचना क्रांति के जनक थे राजीव गांधी

देहरादून: पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न राजीव गांधी के शहादत दिवस पर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से देहरादून स्थित राजीव भवन में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “राजीव गांधी अमर रहें” और “जब तक सूरज चांद रहेगा, राजीव तेरा नाम रहेगा” जैसे नारे लगाए। इस दौरान वक्ताओं ने राजीव गांधी के योगदान को याद करते हुए उन्हें आधुनिक भारत का निर्माता बताया।

गणेश गोदियाल ने कहा कि राजीव गांधी ने देश में सूचना क्रांति की नींव रखी और भारत को तकनीकी रूप से मजबूत राष्ट्र बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किए। उन्होंने कहा कि पंचायतों को अधिकार सम्पन्न बनाने, युवाओं को 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार देने और लोकतंत्र को मजबूत करने में राजीव गांधी की बड़ी भूमिका रही। उन्होंने कहा कि आज भारत जिस डिजिटल और तकनीकी विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है, उसकी बुनियाद राजीव गांधी ने रखी थी।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा पंचायतों को मजबूत करने के पक्ष में रही है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी के प्रधानमंत्रित्व काल में संविधान के 73वें और 74वें संशोधन के जरिए पंचायतों को अधिक अधिकार दिए गए, जिससे लोकतंत्र को जमीनी स्तर तक मजबूती मिली।

वहीं प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने कहा कि राजीव गांधी ने सूचना तकनीक के साथ-साथ महिलाओं और युवाओं को भी देश की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार देना भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में बड़ा फैसला था। कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News