Nirbhik Nazar

धामी सरकार का रोजगार पर फोकस, 483 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र; साढ़े चार साल में 33 हजार को नौकरी

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में सिंचाई विभाग और कृषि विभाग के अंतर्गत चयनित 483 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें सिंचाई विभाग के 473 और कृषि विभाग के 10 पद शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री एवं मेजर जनरल (सेनि.) भुवन चंद्र खंडूड़ी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि खंडूड़ी जी ने ऐसे उत्तराखंड का सपना देखा था, जहां युवाओं की पहचान उनकी मेहनत और प्रतिभा से हो। उन्होंने कहा कि आज युवाओं को मिल रहे नियुक्ति पत्र उसी सपने को साकार करने की दिशा में बड़ा कदम हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्ति पत्र वितरण प्रतिभाशाली युवाओं की मेहनत, लगन और संकल्प का सम्मान है। उन्होंने भरोसा जताया कि चयनित युवा पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्व निभाते हुए राज्य और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया, जिसके सकारात्मक परिणाम अब सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब नौकरियां केवल मेहनत और प्रतिभा के आधार पर मिल रही हैं। यही कारण है कि पिछले साढ़े चार वर्षों में करीब 33 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है और उत्तराखंड सरकार भी कृषि एवं सिंचाई क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जीएसडीपी विकास दर 7.23 प्रतिशत दर्ज की गई है और पिछले चार वर्षों में प्रति व्यक्ति आय में लगभग 41 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। राज्य का बजट आकार भी एक लाख करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है।

सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि यह नियुक्तियां उत्तराखंड के विकास में युवाओं की सक्रिय भागीदारी का प्रतीक हैं। वहीं कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद अब मेहनती और योग्य युवाओं को ही रोजगार मिल रहा है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News