Nirbhik Nazar

मुख्य चुनाव आयुक्त ने हर्षिल की बीएलओ मिंटो देवी की सराहना की, कहा— देशभर के लिए प्रेरणा

उत्तरकाशी: ज्ञानेश कुमार शनिवार को सीमांत जिले उत्तरकाशी पहुंचे, जहां उन्होंने भारत-चीन सीमा से सटे हर्षिल और गंगोत्री क्षेत्र के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों और बूथ लेवल अधिकारियों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया।

हर्षिल में निरीक्षण के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ने मिंटो देवी के कार्यों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि मिंटो देवी जिस कुशलता से स्मार्टफोन पर ‘बीएलओ ऐप’ का इस्तेमाल कर मतदाता सूची का शुद्धीकरण कर रही हैं, वह पूरे देश के लिए प्रेरणादायक है।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि बीएलओ ऐप के माध्यम से अनुपस्थित, मृतक, डुप्लीकेट और अन्यत्र स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने के साथ-साथ 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके नए मतदाताओं को सूची में जोड़ने का कार्य पारदर्शिता और सटीकता के साथ किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मिंटो देवी जैसे कर्मठ बीएलओ की कर्तव्यनिष्ठा को चुनाव आयोग सलाम करता है। देशभर के बीएलओ को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए और तकनीक के माध्यम से अपने दायित्वों का बेहतर निर्वहन करना चाहिए।

इसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त गंगोत्री धाम स्थित विशेष मतदान केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने साधु-संतों और संन्यासी मतदाताओं से विस्तृत संवाद किया। उन्होंने कठिन परिस्थितियों और कड़ाके की ठंड के बावजूद लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी के लिए संत समाज का आभार जताया।

गंगोत्री धाम में संवाद के दौरान उन्होंने कहा कि ऐसा मतदान केंद्र, जहां सभी मतदाता साधु-संत हों, भारतीय लोकतंत्र की विविधता और मजबूती की अनूठी मिसाल है।

इससे पहले मुख्य चुनाव आयुक्त ने मां गंगा के मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर देश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना भी की। इस दौरान डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम, किशन सिंह नेगी समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News