Nirbhik Nazar

चारधाम यात्रा के बीच चमोली में पेट्रोल-डीजल संकट ? ज्योतिर्मठ में यात्रियों का हंगामा !

चमोली। विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा के बीच चमोली जिले में पेट्रोल-डीजल का संकट गहराने लगा है। रविवार को ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) स्थित पेट्रोल पंप पर ईंधन न मिलने से यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज यात्रियों ने जमकर हंगामा किया और हाईवे जाम करने की कोशिश की। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।

जानकारी के अनुसार, बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब सहित चारधाम यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं को ऋषिकेश और मैदानी क्षेत्रों से यह कहकर आगे भेजा जा रहा है कि पहाड़ी क्षेत्रों में पेट्रोल-डीजल पर्याप्त उपलब्ध है। लेकिन चमोली और रुद्रप्रयाग जिलों में कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन नहीं मिलने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्योतिर्मठ में घंटों तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। कई यात्री बीच रास्ते में ईंधन खत्म होने से फंस गए। यात्रियों का आरोप है कि प्रशासन और तेल कंपनियों की ओर से सही जानकारी उपलब्ध नहीं कराई जा रही, जिससे यात्रा मार्ग पर अव्यवस्था की स्थिति बन रही है।

कई यात्रियों ने बताया कि उन्हें पहले रुद्रप्रयाग भेजा गया, लेकिन वहां भी तेल उपलब्ध नहीं था। इसके बाद उन्हें चमोली भेजा गया, जहां भी पेट्रोल-डीजल नहीं मिला। कई पेट्रोल पंपों पर “पेट्रोल उपलब्ध नहीं है” के पोस्टर लगाए गए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सीमित आपूर्ति के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में नियमित ईंधन सप्लाई प्रभावित हो रही है। चारधाम यात्रा जैसे व्यस्त सीजन में यह स्थिति प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल खड़े कर रही है।

वहीं प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में गंभीर ईंधन संकट नहीं है, लेकिन उपलब्ध स्टॉक के अनुसार ही सीमित मात्रा में ईंधन दिया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक यात्रियों को सुविधा मिल सके। प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखने और आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रखने का दावा किया है।

News Source – ETV BHARAT

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News