Nirbhik Nazar

खटीमा में पंचायत प्रतिनिधियों से बोले सीएम धामी, गांव मजबूत होंगे तो विकसित बनेगा भारत

खटीमा। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने सोमवार को विकास खंड सभागार खटीमा में आयोजित “जन जन की सरकार, मुख्यमंत्री संवाद कार्यक्रम” में पंचायत एवं निकाय जनप्रतिनिधियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण विकास, रोजगार, बुनियादी सुविधाओं, कानून व्यवस्था और सांस्कृतिक संरक्षण से जुड़े मुद्दों पर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को गिनाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है और देश की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब गांव और कस्बे आत्मनिर्भर और समृद्ध बनें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में ग्रामीण विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और स्वच्छता अभियान जैसी योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों को मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “एक जनपद-दो उत्पाद”, “हाउस ऑफ हिमालयाज”, स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, कीवी मिशन, नई पर्यटन नीति और होम स्टे योजना के जरिए स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश की 2 लाख 65 हजार से अधिक महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं।

सीएम धामी ने खटीमा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि गदरपुर-खटीमा बाईपास, नौसर पुल, आधुनिक बस स्टैंड, केंद्रीय विद्यालय, चकरपुर खेल स्टेडियम, आईटीआई, पॉलीटेक्निक कॉलेज और 100 बेड अस्पताल जैसी कई परियोजनाएं पूरी की गई हैं। उन्होंने कहा कि खटीमा और टनकपुर के बीच सैन्य स्मारक का निर्माण भी जल्द शुरू होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और डेमोग्राफी को सुरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दावा किया कि “लैंड जिहाद” के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 12 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है और 550 से अधिक अवैध मजारों को हटाया गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाया है। पिछले चार वर्षों में 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है और 100 से ज्यादा नकल माफियाओं को जेल भेजा गया है।

मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार सभी नागरिकों को समान अधिकार और न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News