देहरादून: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक अपने दूसरे चरण के प्रदेश प्रवास के तहत 6 अप्रैल से जिलों के भ्रमण पर रहेंगे। उनका यह छह दिवसीय दौरा 11 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान उत्तरकाशी और उधमसिंह नगर जिलों के पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता संग समीक्षा बैठक करेंगे। प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक 6 अप्रैल से 11 अप्रैल तक उत्तरकाशी व उधमसिंह नगर के भ्रमण के साथ ही सल्ट उपचुनाव में पार्टी उम्मीदवार महेश जीना के समर्थन में रैलियों को संबोधित करेंगे। 10 व 11 अप्रैल को दो दिनों तक सल्ट विधानसभा क्षेत्र में पार्टी उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार करेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष 6 अप्रैल को दोपहर 12 बजे देहरादून से उत्तरकाशी जिले के लिए प्रस्थान करेंगे। वहां पहुंचकर चार से पांच बजे युवा मोर्चा व महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके पश्चात कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। रात्रि विश्राम बड़कोट में करेंगे। दूसरे दिन 7 अप्रैल की सुबह बड़कोट से उत्तरकाशी के लिए प्रस्थान कर ब्रह्मखाल मंडल के ग्योला बूथ पर बूथ इकाई अध्यक्ष के घर पर भाजपा का झंडा फहराएंगे। यंहा आयोजित रैली में प्रतिभाग करेंगे। इसके पश्चात 12 बजे पत्रकारों को सम्बोधित करने बाद पार्टी बैठक में भाग लेंगे। तत्पश्चात देहरादून के लिए प्रस्थान करेंगे। आठ अप्रैल को देहरादून से सल्ट के लिए प्रस्थान करेंगे। 9 अप्रैल को नौ बजे रामनगर से उधमसिंह नगर के लिए प्रस्थान कर 11 बजे रुद्रपुर पहुचेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष के कार्यक्रमों से पूर्व तैयारी बैठक के लिए प्रदेश पदाधिकारियों को समन्वयक बनाया गया है। इसमें उत्तरकाशी जिले के लिए प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान व प्रदेश प्रवक्ता विनोद सुयाल व उधमसिंह नगर के लिए प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमारी गिरी एवं पूर्व दायित्वधारी वीरेंद्र सिंह बिष्ट को समन्वयक बनाया गया है। सभी समन्वयकों को प्रदेश अध्यक्ष के प्रवास से पूर्व संबंधित जिले में प्रवास कर जिलाध्यक्षों के साथ समन्वय कर तैयारी बैठक करने के लिए कहा गया है।