देहरादून। शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में शनिवार को “अकादमिक कॉन्क्लेव – विकसित भारत 2047 : उच्च शिक्षा की परिवर्तनकारी भूमिका” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर कॉलेज परिसर में निर्मित अत्याधुनिक ऑडिटोरियम का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। संस्थान के उपाध्यक्ष अजय कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि शिवालिक कॉलेज विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान, कौशल विकास और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्य अतिथि नितिन नवीन ने कहा कि विकसित भारत का सपना केवल सरकारी योजनाओं से नहीं, बल्कि शिक्षण संस्थानों, शिक्षकों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से साकार होगा। उन्होंने विद्यार्थियों को नवाचार, अनुसंधान और स्टार्टअप संस्कृति अपनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड का युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने युवाओं को रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार सृजक बनने की प्रेरणा देते हुए नवाचार और अनुसंधान आधारित सोच को विकसित भारत की आधारशिला बताया।
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति और विकसित भारत 2047 के लक्ष्यों को हासिल करने में विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों की महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षाविदों और विशेषज्ञों ने भी उच्च शिक्षा, तकनीकी नवाचार, अनुसंधान संस्कृति और उद्योग-अकादमिक सहयोग पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम के अंत में अकादमिक डीन डॉ. सुरमधुर पंत ने सभी अतिथियों, वक्ताओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कॉन्क्लेव में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और गणमान्य लोगों ने भाग लिया।