Nirbhik Nazar

उत्तराखंड BJP ने किया PM के संदेश को दरकिनार ? नितिन नवीन के काफिले को लेकर कांग्रेस उठा रही सवाल, BJP ने कहा हम रैली भी कर सकते थे लेकिन…!

देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के हालिया उत्तराखंड दौरे को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने भाजपा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस का कहना है कि एक ओर प्रधानमंत्री देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की बचत और अनावश्यक वाहन उपयोग से बचने की बात करते हैं, वहीं दूसरी ओर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे में लंबा वाहन काफिला देखने को मिला।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह केवल दिखावे की राजनीति नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री के संदेश के विपरीत आचरण है। उनका आरोप है कि भाजपा नेतृत्व खुद उन बातों का पालन नहीं कर रहा, जिनकी सलाह जनता को दी जाती है।

वहीं भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को लेकर पार्टी ने किसी बड़े शक्ति प्रदर्शन या विशाल रैली का आयोजन नहीं किया। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने कहा कि पार्टी चाहती तो हजारों कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटा सकती थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।

हालांकि भाजपा के इस जवाब के बाद भी राजनीतिक बहस थमती नजर नहीं आ रही है। विपक्ष सवाल उठा रहा है कि जब सरकार और भाजपा नेता आम जनता को ईंधन बचाने, साइकिल चलाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हैं, तब बड़े नेताओं के दौरे में वाहनों की लंबी कतारें क्यों दिखाई देती हैं।

कांग्रेस ने इसे दोहरे मापदंड का उदाहरण बताते हुए कहा कि भाजपा को अपने नेताओं के कार्यक्रमों में भी उन्हीं मूल्यों का पालन करना चाहिए, जिनका प्रचार वह जनता के बीच करती है। अब यह मुद्दा राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News