Nirbhik Nazar

मंत्री गणेश जोशी ने राहुल गांधी को बताया भाजपा का ‘स्टार प्रचारक’, कहा – राहुल के उत्तराखंड दौरे से कांग्रेस नहीं भाजपा को होगा फायदा

मसूरी। कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे से पहले प्रदेश की सियासत गरमा गई है। धामी सरकार में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें भारतीय जनता पार्टी का “सबसे बड़ा स्टार प्रचारक” करार दिया है।

मसूरी में पत्रकारों से बातचीत के दौरान गणेश जोशी ने कहा कि राहुल गांधी की राजनीति का लाभ भाजपा को मिलता है, जबकि नुकसान कांग्रेस को उठाना पड़ता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी जहां भी जाते हैं, वहां कांग्रेस को मजबूती मिलने के बजाय उसका जनाधार और कमजोर हो जाता है।

हालांकि, उन्होंने राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे का स्वागत भी किया। जोशी ने कहा कि लोकतंत्र में सभी राजनीतिक दलों को जनता के बीच जाने का अधिकार है और भाजपा उनके दौरे का स्वागत करती है। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी के उत्तराखंड आने से राजनीतिक लाभ कांग्रेस को नहीं बल्कि भाजपा को मिलेगा।

इस दौरान गणेश जोशी ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा संकेत दिया। उन्होंने कहा कि वह एक बार फिर मसूरी विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरेंगे। जोशी ने विश्वास जताया कि इस बार वह पिछले चुनाव से भी अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज करेंगे।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों, सड़क, पेयजल, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में हुए कार्यों का लाभ जनता को मिल रहा है, जिसके आधार पर भाजपा आगामी चुनावों में भी मजबूत स्थिति में रहेगी।

राहुल गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे और गणेश जोशी के बयान के बाद प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के आसार हैं। एक ओर कांग्रेस इसे संगठनात्मक मजबूती का अवसर मान रही है, तो दूसरी ओर भाजपा इसे अपने पक्ष में माहौल बनाने का मौका बता रही है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News