Nirbhik Nazar

चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं का सीएम धामी ने लिया जायजा, ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप का  किया औचक निरीक्षण

देहरादून/ऋषिकेश। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ऋषिकेश स्थित चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप का औचक निरीक्षण कर यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पंजीकरण प्रक्रिया, स्वास्थ्य जांच केंद्रों, पेयजल, ठहरने की सुविधाओं तथा भीड़ प्रबंधन व्यवस्था का निरीक्षण किया और विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं से सीधे संवाद कर यात्रा संबंधी फीडबैक लिया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को रजिस्ट्रेशन के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े और सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हों। उन्होंने बढ़ती गर्मी को देखते हुए कैंप में अतिरिक्त कूलर लगाने तथा पेयजल सहित अन्य जरूरी सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कर्मचारियों से ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना के साथ यात्रियों की सेवा करने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने यात्रा व्यवस्थाओं की सराहना की। कई बुजुर्ग यात्रियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें आशीर्वाद दिया और यात्रा को सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए धन्यवाद व्यक्त किया।

ट्रांजिट कैंप में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से रामायण और महाभारत के प्रसारण की व्यवस्था भी यात्रियों को पसंद आ रही है। वहीं स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा लगाए गए स्थानीय उत्पादों के स्टॉल और लंगर सेवा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा उत्तराखंड की आस्था, संस्कृति और अतिथि सत्कार का प्रतीक है तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News